धौलपुर में ACB का बड़ा एक्शन: 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
धौलपुर में एसीबी ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश देती है।
धौलपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक पटवारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एसीबी धौलपुर चौकी पर तैनात डीएसपी ज्ञानचंद मीणा के नेतृत्व में टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई की। परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कृषि भूमि का म्यूटेशन खोलने के एवज में आरोपी पटवारी वीरेंद्र शर्मा द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि आरोपी पटवारी बसई सांमता क्षेत्र में तैनात था और धौलपुर के कायस्थपाड़ा मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था। एसीबी टीम ने उसी स्थान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे सरकारी विभागों में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है।
Saloni Kushwaha 
