Jaipur News: शादी के तीन दिन बाद गहने और नकदी लेकर फरार हुई नवविवाहिता, दूल्हे ने दर्ज कराया मामला

जयपुर के चौमूं में कथित लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है। शादी के कुछ दिन बाद नवविवाहिता पर लाखों रुपये के सोने के गहने और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार होने का आरोप लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jaipur News: शादी के तीन दिन बाद गहने और नकदी लेकर फरार हुई नवविवाहिता, दूल्हे ने दर्ज कराया मामला

राजधानी जयपुर के चौमूं क्षेत्र में एक कथित लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी के महज कुछ दिनों बाद नवविवाहिता लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित दूल्हे की शिकायत पर चौमूं थाने में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

ऑफिस में हुई थी पहचान, फिर हुई शादी

पुलिस के अनुसार चौमूं निवासी 23 वर्षीय युवक एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। उसी कंपनी में आरोपी युवती ग्राफिक डिजाइनर के रूप में काम करती थी। वर्ष 2024 से दोनों एक ही कंपनी में कार्यरत थे, जिसके चलते उनके बीच बातचीत और मुलाकातें बढ़ीं।

बताया गया कि दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और युवती ने युवक को शादी का प्रस्ताव दिया। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 8 मई को विवाह संपन्न हुआ।

रिसेप्शन के बाद बदला घटनाक्रम

शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा खुशी-खुशी रह रहा था। 10 मई को परिवार की ओर से रिसेप्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान नवविवाहिता को परिवार की तरफ से सोने के गहने, जिनमें हार, चूड़ियां और झुमके शामिल थे, उपहार स्वरूप दिए गए।

पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन परिवार के सदस्य अपने-अपने काम से बाहर चले गए। घर पर केवल दुल्हन और उसकी बहन मौजूद थीं। इसी दौरान घर में रखे सोने के गहने और करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर दोनों फरार हो गईं।

संपर्क करने की कोशिश रही नाकाम

परिजनों के घर लौटने पर दोनों महिलाओं का कोई पता नहीं चला। काफी तलाश और मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिशों के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। जांच करने पर अलमारी में रखे गहने और नकदी भी गायब मिले।

काफी समय तक स्वयं तलाश करने के बाद पीड़ित युवक ने शनिवार को चौमूं थाने में आरोपी नवविवाहिता के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

पुलिस जांच में जुटी

चौमूं थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी महिला और उसकी बहन की तलाश कर रही है तथा पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी