चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
Jaipur के मुहाना इलाके में चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार। Rajrishi Raj के निर्देश पर 500 CCTV फुटेज से हुई पहचान।
जयपुर के मुहाना इलाके में चलती बाइक पर युवती के साथ हुई शर्मनाक छेड़छाड़ की वारदात में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस वीडियो ने पूरे शहर में आक्रोश फैला दिया था, जिसके बाद पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी युवती का पीछा करते हुए बदनीयती से उसकी पीठ पर हाथ लगाकर उसके कपड़ों के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे, जो स्पष्ट रूप से महिला की लज्जा भंग करने की घिनौनी कोशिश थी। पुलिस ने करीब 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और लगातार दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपी वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं ये आरोपी अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रहे हैं।
Saloni Kushwaha 
