जयपुर ग्रामीण में हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश: 24 घंटे में 6 आरोपी गिरफ्तार

Jaipur ग्रामीण में हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, Raisar थाना पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार। वीडियो बनाकर लाखों की ब्लैकमेलिंग का खुलासा।

जयपुर ग्रामीण में हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश: 24 घंटे में 6 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी

Jaipur ग्रामीण इलाके में पुलिस ने एक संगठित हनीट्रैप गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रायसर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस गैंग से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।

महिला के जरिए फंसाया, बनाया आपत्तिजनक वीडियो

पीड़ित के अनुसार, उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे आरोपी ने विश्वास जीत लिया और उसके संपर्क में बना रहा। इसी दौरान सुनियोजित तरीके से एक महिला को शामिल कर पीड़ित को फंसाया गया।

घटना के दिन आरोपियों ने रास्ते में उसे रोककर मारपीट की और जबरन महिला के साथ बैठाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर लिया।

ब्लैकमेल कर मांगे लाखों रुपये

वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को झूठे केस में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। शुरुआत में 15 लाख रुपये की मांग की गई, लेकिन बाद में 7 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इस दौरान पीड़ित से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए गए।

पुलिस की चाल से फंसे आरोपी

शिकायत मिलते ही पुलिस ने रणनीति बनाकर पीड़ित के जरिए आरोपियों को दोबारा पैसे लेने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। एक आरोपी भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया।

फरार महिलाएं भी तकनीक से पकड़ी गईं

कार्रवाई के दौरान दो महिला आरोपी फरार हो गई थीं और मोबाइल बंद कर लिया था। पुलिस ने तकनीकी ट्रैकिंग की मदद से उनकी लोकेशन पता लगाकर उन्हें बूंदी जिले से गिरफ्तार कर लिया।

वाहन और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वाहन और नकदी भी बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के मुख्य सदस्य पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।