मंडोर एक्सप्रेस का बदलेगा रूप, अमृत भारत के नए रैक से दौड़ेगी ट्रेन; यात्रियों को मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं

मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को जल्द अमृत भारत के नए रैक से चलाने की तैयारी है। जोधपुर-दिल्ली ट्रेन में AC से स्लीपर तक नए कोच और आधुनिक सुविधाएं मिल सकती हैं।

मंडोर एक्सप्रेस का बदलेगा रूप, अमृत भारत के नए रैक से दौड़ेगी ट्रेन; यात्रियों को मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं

राजस्थान के पश्चिमी हिस्से को देश की राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली लोकप्रिय ट्रेन मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब जल्द ही नए और आधुनिक रूप में नजर आ सकती है। रेलवे जोधपुर से जयपुर होते हुए दिल्ली के बीच चलने वाली मंडोर एक्सप्रेस के मौजूदा रैक को बदलकर अमृत भारत का नया रैक लगाने की तैयारी कर रहा है। नए रैक में यात्रियों को एसी और नॉन-एसी दोनों तरह के कोच के साथ कई आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

खास बात यह है कि नए रैक के साथ मंडोर एक्सप्रेस राजस्थान की पहली एसी अमृत भारत ट्रेन बन सकती है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, नया रैक अगले महीने जोधपुर पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद मंडोर एक्सप्रेस का संचालन नए रैक के साथ शुरू किया जा सकता है।

पहले जोधपुर पहुंचा था अमृत भारत का रैक

अमृत भारत ट्रेन का रैक मंडोर एक्सप्रेस में लगाने की तैयारी पिछले कुछ महीनों से चल रही थी। कुछ दिन पहले अमृत भारत का एक एसी रैक जोधपुर भी पहुंचा था। इसे जोधपुर-मऊ ट्रेन में लगाने की कवायद की जा रही थी, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

इसके बाद शुक्रवार सुबह इस रैक को जोधपुर से दिल्ली भेज दिया गया। अब मंडोर एक्सप्रेस के लिए नया रैक अगले महीने जोधपुर आने की तैयारी है। नया रैक मिलने के बाद ट्रेन के संचालन में बदलाव किया जाएगा।

पुश-पुल तकनीक से बढ़ेगी रफ्तार

नए रैक की सबसे खास विशेषताओं में पुश-पुल तकनीक शामिल होगी। इसमें ट्रेन के आगे और पीछे दोनों तरफ इंजन लगाए जाएंगे। इससे ट्रेन को तेजी से रफ्तार पकड़ने में मदद मिलेगी और यात्रा के समय में कमी आने की उम्मीद है।

इसके अलावा नए सेमी-कपलर डिजाइन के कारण कोचों के बीच लगने वाले झटके भी कम महसूस होंगे। इससे यात्रियों का सफर पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक हो सकता है।

एसी फर्स्ट से स्लीपर तक मिलेंगे कोच

नए रैक में यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई श्रेणी के कोच शामिल होंगे। इनमें एसी फर्स्ट क्लास, एसी टू टियर और एसी थ्री टियर के साथ स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच भी शामिल होंगे।

यात्रियों की सुविधा के लिए कोच में मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, मोबाइल होल्डर और फोल्डेबल स्नैक टेबल जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा एलईडी लाइटिंग, स्मार्ट वॉशरूम, टच-फ्री नल और बायो-टॉयलेट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

सुरक्षा पर भी रहेगा खास ध्यान

नए रैक में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम लगाया जाएगा। डिजिटल यात्री सूचना डिस्प्ले के जरिए यात्रियों को ट्रेन की गति और अगले स्टेशन की जानकारी भी मिल सकेगी।

इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को ज्यादा सुविधाजनक और आधुनिक सफर का अनुभव मिलने की उम्मीद है।

अक्टूबर से कई ट्रेनों में बढ़ेंगे नए कोच

रेलवे ने राजस्थान से चलने वाली कई ट्रेनों में कोच बढ़ाने और कोच की व्यवस्था में बदलाव करने का भी फैसला किया है। अक्टूबर से अलग-अलग तारीखों में नई व्यवस्था लागू होने की संभावना है।

इनमें अजमेर-एर्नाकुलम, अजमेर-दादर, उदयपुर सिटी-कामाख्या, श्रीगंगानगर-दादर, जयपुर-चेन्नई सेंट्रल, जयपुर-कोयम्बटूर, जयपुर-बांद्रा टर्मिनस और जयपुर-गोमतीनगर ट्रेनें शामिल हैं।

इन ट्रेनों में सेकंड एसी, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल किए जाएंगे। रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों में कुल 22 डिब्बे होंगे।