पुलिस ने कुख्यात विक्रम उर्फ लादेन गैंग की कमर तोड़ी, 7 लग्जरी गाड़ियां जब्त, 17 गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति एक बार फिर रंग लाई है।

पुलिस ने कुख्यात विक्रम उर्फ लादेन गैंग की कमर तोड़ी, 7 लग्जरी गाड़ियां जब्त, 17 गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति एक बार फिर रंग लाई है। सोमवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ लादेन गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लग्जरी वाहन जब्त किए और गैंग के 17 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

जिला पुलिस अधीक्षक (SP) राजेंद्र सिंह बिश्नोई ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विक्रम उर्फ लादेन गैंग के खतरनाक सदस्य कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में छिपे हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और क्षेत्र के सभी संभावित रास्तों पर A-कैटेगरी की सघन नाकाबंदी कर दी गई।

पुलिस टीमों ने पहाड़ी गांवों की ओर जाने वाले रास्तों पर छापेमारी की। इस दौरान गैंग के सदस्यों के पास से 7 महंगी गाड़ियां बरामद हुईं, जिनमें कई लग्जरी SUV शामिल हैं। ये वाहन आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे थे। साथ ही 17 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।

SP बिश्नोई ने कहा, “राजस्थान पुलिस गैंगस्टर और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। विक्रम उर्फ लादेन गैंग लंबे समय से क्षेत्र में दहशत फैला रहा था। यह कार्रवाई गैंग की कमर तोड़ने वाली साबित होगी।”

पुलिस का दावा है कि इस सफल ऑपरेशन से क्षेत्र में अपराध की कमर टूटेगी और आम जनता को राहत मिलेगी। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।