राजस्थान में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य आयोजन, CM भजनलाल शर्मा आज जयपुर से रवाना करेंगे ‘यमुना प्रवाह पदयात्रा’

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बुधवार को जयपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ के तहत ‘यमुना प्रवाह पदयात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे।

राजस्थान में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य आयोजन, CM भजनलाल शर्मा आज जयपुर से रवाना करेंगे ‘यमुना प्रवाह पदयात्रा’

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बुधवार को जयपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ के तहत ‘यमुना प्रवाह पदयात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे। यह पदयात्रा सुबह ठीक 10 बजे अमर जवान ज्योति शहीद स्मारक, जयपुर से शुरू होगी। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़, वरिष्ठ नेता, मंत्रीगण और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री इसके बाद दोपहर 12:30 बजे अपने सरकारी निवास पर भरतपुर और उदयपुर संभाग के भाजपा कार्यकर्ताओं की अलग-अलग बैठकों को संबोधित करेंगे। इन बैठकों में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और सरदार पटेल जयंती समारोह की तैयारियों पर चर्चा होगी।

दो यात्राएं राजस्थान के 10 जिलों से होकर गुजरेंगी

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर केंद्र सरकार ने पूरे देश में चार दिशाओं से चार भव्य पदयात्राएं निकालने का निर्णय लिया है। 

इन यात्राओं के नाम देश की प्रमुख नदियों के नाम पर रखे गए हैं:

गंगा प्रवाह पदयात्रा

यमुना प्रवाह पदयात्रा

गोदावरी प्रवाह पदयात्रा

कावेरी प्रवाह पदयात्रा

इनमें से दो यात्राएं — गंगा प्रवाह और यमुना प्रवाह — राजस्थान से होकर गुजरेंगी और राज्य के कुल 10 जिलों को कवर करेंगी।

‘गंगा प्रवाह पदयात्रा’ को दो दिन पहले दिल्ली से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रवाना किया था। अब बारी है ‘यमुना प्रवाह पदयात्रा’ की, जिसे आज राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर से शुरू करेंगे।

ये दोनों यात्राएं राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लौह पुरुष सरदार पटेल के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश लेकर निकली हैं।