Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: कल आएंगे 309 निकायों के नतीजे, जयपुर में 150 वार्डों की होगी काउंटिंग

राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के 309 नगरीय निकायों के नतीजे 14 सितंबर को घोषित होंगे। जयपुर के 150 वार्डों की मतगणना श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में 150 टेबलों पर होगी।

Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: कल आएंगे 309 निकायों के नतीजे, जयपुर में 150 वार्डों की होगी काउंटिंग

Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम सोमवार, 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं। जयपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों में काउंटिंग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

चुनाव परिणाम से पहले कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने पार्षद प्रत्याशियों को खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए अलग-अलग जगहों पर बाड़ेबंदी में रखा है। कई निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए भी ऐसी व्यवस्था की गई है।

जयपुर में 150 वार्डों की होगी मतगणना

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए मतगणना सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में होगी। इसके लिए कुल 15 काउंटिंग रूम और 150 टेबल की व्यवस्था की गई है।

मतगणना विधानसभा क्षेत्रों और वार्ड नंबर के अनुसार निर्धारित कमरों में की जाएगी। वार्ड 1 से 150 तक की गिनती इसी व्यवस्था के तहत होगी। विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, सांगानेर, बगरू, मालवीय नगर, सिविल लाइंस, किशनपोल, आदर्श नगर, हवामहल और आमेर समेत विभिन्न क्षेत्रों के वार्डों की मतगणना यहां होगी।

दो चरणों में हुआ था मतदान

राजस्थान में इस बार नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराए गए। दूसरे चरण में 147 शहरी निकायों में मतदान हुआ, जिसमें शाम 6 बजे तक 70.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बालोतरा की धौरीमन्ना नगरपालिका में सबसे ज्यादा 91.59 प्रतिशत मतदान हुआ।

इससे पहले 9 सितंबर को राज्य के 162 नगर निकायों के लिए पहले चरण का मतदान हुआ था। इसमें कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

309 निकायों में हुआ चुनाव

राजस्थान के कुल 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए गए। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं।

अब सोमवार को मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस राजनीतिक दल के प्रत्याशियों को सबसे ज्यादा सफलता मिलती है और स्थानीय निकायों में किसका दबदबा कायम होता है।

नतीजों से पहले बाड़ेबंदी तेज

मतगणना से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपने पार्षद प्रत्याशियों को लेकर सतर्क हैं। संभावित खरीद-फरोख्त से बचने के लिए प्रत्याशियों को अलग-अलग रिसॉर्ट और सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।

अब 14 सितंबर की मतगणना के साथ राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के चुनावी परिणाम सामने आएंगे।