राजस्थान में पर्यटन विकास को लेकर दिया कुमारी का बड़ा एक्शन

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को शासन सचिवालय में पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर प्रदेश में पर्यटन विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण, बावड़ियों के जीर्णोद्धार, आमेर-नाहरगढ़ क्षेत्र विकास, जलमहल परियोजना और पुष्कर विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। दिया कुमारी ने कहा कि पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना बेहद जरूरी है। उन्होंने पर्यटन ऐप को जल्द तैयार करने, MICE सेंटर परियोजना को गति देने और आरटीडीसी परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया। साथ ही आमेर लाइट एंड साउंड शो, हेरिटेज वॉक, हेरिटेज स्ट्रीट फर्नीचर और स्वच्छता सुविधाओं को शीघ्र विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में जवाहर कला केंद्र, रवीन्द्र मंच तथा भारतीय लोक कला मंडल में विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।