जैसलमेर-जोधपुर रोड पर बस में लगी भीषण आग, 20 यात्रियों की मौत की पुष्टि
राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। मंगलवार दोपहर एक निजी यात्री बस, जो जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी, उसमें अचानक भीषण आग लग गई। यह दर्दनाक हादसा थईयात गांव के पास हुआ।
राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। मंगलवार दोपहर एक निजी यात्री बस, जो जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी, उसमें अचानक भीषण आग लग गई। यह दर्दनाक हादसा थईयात गांव के पास हुआ।
20 लोगों की मौत की पुष्टि
अब तक की जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 20 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि लगभग15 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं । घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। बता दें कि बस में कुल 57 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग खिड़कियों से कूदे तो कुछ आग की चपेट में आ गए।
दमकल और राहत टीमें मौके पर
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। अभी भी मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की संभावना है। हालांकि, हादसे के असली कारणों की जांच जारी है। प्रशासन और परिवहन विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं।

