बाड़मेर पोस्ट ऑफिस को फिर मिली बम की धमकी, पुलिस अलर्ट मोड पर
बाड़मेर के पोस्ट ऑफिस को ईमेल से बम धमकी मिलने पर हड़कंप। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम ने जांच की, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस जांच में जुटी।
राजस्थान के बाड़मेर शहर स्थित पोस्ट ऑफिस को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम ने की जांच
धमकी की सूचना पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीमों ने पोस्ट ऑफिस परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की, लेकिन फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
एसएचओ मनोज कुमार परिहार ने लिया जायजा
मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार परिहार भी मौजूद रहे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पहले भी मिल चुकी है धमकी, जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भी इसी पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। अब एक बार फिर इसी तरह का मेल आने से प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा, लोगों से सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Saloni Kushwaha 
