जैसलमेर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार वैन ने तीन बहनों को कुचला; एक की मौत
Jaisalmer में तेज रफ्तार वैन ने तीन बहनों को टक्कर मारी। हादसे में 18 वर्षीय रवीना सपेरा की मौत, दो घायल। Gafur Bhatta इलाके में हुआ दर्दनाक हादसा।
राजस्थान के जैसलमेर में गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के गफूर भट्टा इलाके में तेज रफ्तार वैन ने सड़क किनारे पैदल जा रही तीन बहनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कार और दीवार के बीच फंसी युवती, मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में जोधपुर निवासी 18 वर्षीय कालबेलिया डांसर रवीना सपेरा की जान चली गई। टक्कर के बाद वैन उसे घसीटते हुए एक मकान की दीवार से जा टकराई, जिससे वह गाड़ी और दीवार के बीच फंस गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दो बहनें घायल, ड्राइवर भी अस्पताल में भर्ती
हादसे में रवीना की बहनें कल्पना और ममता सपेरा सड़क पर गिरकर घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है। वहीं वैन चालक तोगाराम खत्री भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है और अस्पताल में भर्ती है।
स्पीड ब्रेकर पर बिगड़ा संतुलन, हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वैन चालक तेज रफ्तार में शहर की ओर आ रहा था। तीन नंबर स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर बहनों को टक्कर मार बैठा।
अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिला, गोद में उठाकर पहुंचाया घायल
घायलों को जब जवाहिर अस्पताल ले जाया गया, तो वहां स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं था। ऐसे में एक घायल को साथी ने गोद में उठाकर अस्पताल के अंदर पहुंचाया, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त वैन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Saloni Kushwaha 
