बूंदी में बनेगा आधुनिक रोडवेज बस अड्डा, 21 हजार वर्गमीटर में तैयार होगी नई सुविधा

बूंदी में 21 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में नया आधुनिक रोडवेज बस अड्डा बनेगा। धान मंडी क्षेत्र में प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और ट्रैफिक में सुधार मिलेगा।

बूंदी में बनेगा आधुनिक रोडवेज बस अड्डा, 21 हजार वर्गमीटर में तैयार होगी नई सुविधा
राजस्थान रोड़वेज

राजस्थान के बूंदी जिले में जल्द ही एक नए और आधुनिक रोडवेज बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। यह बस अड्डा करीब 21 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसके बनने से जिले के हजारों यात्रियों को बेहतर और सुव्यवस्थित परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

प्रस्तावित बस स्टैंड शहर के धान मंडी स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में बनाया जाएगा, जिसे इसके लिए चिन्हित किया गया है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया बस अड्डा

नए बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक व्यवस्थाएं की जाएंगी। यहां बैठने के लिए बेहतर वेटिंग एरिया, स्वच्छ शौचालय, पेयजल की सुविधा और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी। साथ ही बसों के संचालन और आवागमन को भी अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने किया स्थल निरीक्षण

ऊर्जा राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने गुरुवार को प्रस्तावित स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना से जुड़ी जानकारी ली और निर्देश दिए कि बस अड्डे को पूरी तरह आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनाया जाए।

जल्द सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव

मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाए। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है।

यातायात व्यवस्था में होगा सुधार, लंबी दूरी के यात्रियों को राहत

नए बस अड्डे के बनने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी। खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।