डूंगरपुर में बीमा घोटाला: कर्मचारियों ने ही कंपनी को लगाया चूना, 58 लाख की ठगी का खुलासा
डूंगरपुर में Edelweiss Nippon Life Insurance से जुड़ा 58 लाख का बीमा फ्रॉड उजागर। फर्जी दस्तावेज बनाकर क्लेम राशि हड़पने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार।0
राजस्थान के डूंगरपुर जिले में बीमा कंपनी से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस की स्पेशल टीम ने कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया, जिसमें कंपनी के ही कर्मचारी फर्जी दस्तावेज बनाकर बीमा क्लेम की रकम हड़प रहे थे। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
डूंगरपुर एसपी मनीष कुमार के अनुसार, यह कार्रवाई फ्रॉड कंट्रोल यूनिट की शिकायत के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि Edelweiss Nippon Life Insurance से जुड़ी पॉलिसियों में गड़बड़ी कर 18 बीमा धारकों के नाम पर करीब 58 लाख रुपये का गबन किया गया।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
आरोपी उन पॉलिसी धारकों को निशाना बनाते थे जिनकी मृत्यु हो चुकी थी, जो गंभीर रूप से बीमार थे या जिनके क्लेम लंबे समय से लंबित थे। वे कंपनी के सिस्टम में लॉगिन कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और केवाईसी डिटेल बदल देते थे। इसके बाद फर्जी आधार, पैन और बैंक दस्तावेज तैयार कर बीमा राशि को नकली खातों में ट्रांसफर कर आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर, मोबाइल, प्रिंटर, फर्जी चेकबुक और जाली दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह ने राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, पश्चिम बंगाल, असम और बिहार के लोगों को भी निशाना बनाया।
फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
Saloni Kushwaha 
