अलीगढ़ के क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, नोएडा में चल रहा था इलाज
अलीगढ़ के क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खंचंद सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन। स्टेज-4 कैंसर से जूझ रहे थे, खेल जगत में शोक की लहर।
अलीगढ़ के रहने वाले भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खंचंद सिंह का शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थे और उनका इलाज नोएडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, खंचंद सिंह को स्टेज-4 कैंसर था और हाल ही में उनकी हालत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
बताया जा रहा है कि रिंकू सिंह अपने व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के बीच पिता से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। उनके पिता का उनके करियर में अहम योगदान रहा है। खंचंद सिंह गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे को क्रिकेट में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया।
इस दुखद खबर के बाद खेल जगत में शोक की लहर है। कई खिलाड़ियों और फैंस ने सोशल मीडिया के जरिए रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
परिवार और करीबी लोगों के बीच अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। यह घटना रिंकू सिंह के लिए व्यक्तिगत रूप से बड़ा आघात मानी जा रही है, खासकर उस समय जब वह अपने करियर के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं।
Saloni Kushwaha 
