ट्विशा शर्मा डेथ केस: गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में अदालत ने पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सीबीआई मामले की गहन जांच कर रही है और घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच भी की गई है।
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में जिला अदालत ने पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। मंगलवार (2 जून) को सेशन जज शोभना भालवी की अदालत ने यह फैसला सुनाया।
इससे पहले अदालत ने दोनों आरोपियों को 29 मई को पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सीबीआई ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
27 मई को हुई थी गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी
सीबीआई ने 27 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आवास पर सात घंटे से अधिक पूछताछ के बाद पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी उस दिन हुई जब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
वहीं, ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस ने 22 मई को जबलपुर से गिरफ्तार किया था। वह 12 मई को हुई घटना के बाद करीब एक सप्ताह तक लापता बताए गए थे।
सीबीआई ने की घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच
समर्थ सिंह को सबसे पहले 23 मई को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) की अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया। बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद एजेंसी ने आगे पूछताछ के लिए उनकी हिरासत मांगी थी।
रिमांड के दौरान सीबीआई टीम समर्थ सिंह को कटारा हिल्स स्थित कथित घटनास्थल पर भी लेकर गई। जांच एजेंसी ने वहां कई घंटे तक फॉरेंसिक जांच की, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई तथा विभिन्न सबूत एकत्र किए।
12 मई की रात के घटनाक्रम की पड़ताल
सीबीआई अधिकारियों ने समर्थ सिंह से 12 मई की रात की घटनाओं को लेकर विस्तृत पूछताछ की। जांच एजेंसी घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों, गवाहों के बयान और आरोपियों के दावों का मिलान कर रही है।
दहेज उत्पीड़न के आरोपों के बाद बढ़ी जांच
ट्विशा शर्मा कथित रूप से अपने ससुराल स्थित घर में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। घटना के बाद उनके परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंपी गई, जो अब सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। आने वाले दिनों में मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Saloni Kushwaha 
