कोटा में 150 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, कटाई से पहले किसानों पर टूटा कहर
Kota के Sultanpur में गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग, 150 बीघा फसल जलकर राख। 10 से अधिक किसान प्रभावित, मुआवजे की मांग।
राजस्थान के कोटा जिले के दीगोद उपखंड के सुल्तानपुर इलाके में शुक्रवार सुबह अचानक गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक खेत से दूसरे खेत तक तेजी से फैलती चली गई। इस हादसे में करीब 150 बीघा फसल जलकर राख हो गई, जिससे 10 से अधिक किसानों को भारी नुकसान हुआ।
2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां अलग-अलग स्थानों से मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए चंबल फर्टिलाइजर एंड केमिकल लिमिटेड (CFCL) से भी दमकलें बुलाई गईं। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
बिजली की स्पार्किंग से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन बिजली के तारों में स्पार्किंग की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया था।
दो दिन में कटने वाली थी फसल, सब कुछ बर्बाद
प्रभावित किसान जगदीश मीणा ने बताया कि उनकी करीब 50 बीघा फसल जल गई, जिसकी कीमत 15 लाख रुपए से अधिक थी। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में फसल कटाई के लिए मशीन भी बुला ली थी, लेकिन उससे पहले ही आग ने सब कुछ खत्म कर दिया। वहीं अन्य किसान महावीर मीणा ने भी 3-4 लाख रुपए के नुकसान की बात कही।
मुआवजे की मांग, प्रशासन ने शुरू किया सर्वे
घटना के बाद किसान बेबस होकर अपनी मेहनत को जलते हुए देखते रहे। अब सभी प्रभावित किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे पटवारी और प्रशासनिक अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लेना शुरू कर दिया है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
गौरतलब है कि इससे पहले भी 19 मार्च को कोटा ग्रामीण क्षेत्र में खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें भी किसानों की फसल को नुकसान हुआ था।

