सरिस्का के पास रिहायशी इलाके में पहुंचा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने खुद किया रेस्क्यू
अलवर के सरिस्का क्षेत्र में रिहायशी इलाके में घुसे मगरमच्छ को ग्रामीणों ने खुद पकड़कर जंगल में छोड़ा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा पर सवाल उठे
सरिस्का टाइगर रिजर्व से जुड़े इलाके में उस समय अफरा-तफरी फैल गई, जब एक मगरमच्छ आबादी के बीच दिखाई दिया। अलवर-जयपुर रोड स्थित भर्तहरि तिराहे के पास पुलिया पर लोगों की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने खुद संभाली कमान, वन विभाग को नहीं दी तत्काल सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बिना इंतजार किए खुद ही मगरमच्छ को घेरने का प्रयास शुरू कर दिया। लाठी-डंडों से उसे काबू करने की कोशिश की गई और काफी मशक्कत के बाद उसके मुंह को प्लास्टिक की रस्सी से बांध दिया गया।
बोरे में डालकर जंगल में छोड़ा, वीडियो बना चर्चा का विषय
काफी जद्दोजहद के बाद ग्रामीणों ने उसे बोरे में भरकर पास के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। इस दौरान कई लोग वीडियो और तस्वीरें बनाते रहे, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
Saloni Kushwaha 
