बाड़मेर में बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्र का अपहरण, स्कूल से उठाकर ले गए बदमाश

राजस्थान के बाड़मेर में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र से छात्र का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। बदमाश उसे स्कूल परिसर से उठाकर सुनसान जगह ले गए और बेरहमी से मारपीट कर घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।

बाड़मेर में बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्र का अपहरण, स्कूल से उठाकर ले गए बदमाश

राजस्थान के बाड़मेर जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। 12वीं बोर्ड की परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र को बदमाशों ने परीक्षा केंद्र के भीतर से ही अगवा कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार युवक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर स्कूल परिसर में पहुंचे और सीधे छात्र तक जा पहुंचे।

स्टाफ की मौजूदगी में वारदात

घटना उस समय हुई जब परीक्षा चल रही थी और शिक्षक व अन्य कर्मचारी परिसर में मौजूद थे। आरोपियों ने छात्र को जबरन पकड़कर बाहर की ओर खींचा। छात्र मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन हथियारबंद बदमाशों के सामने कोई आगे नहीं बढ़ सका। कुछ ही पलों में उसे वाहन में डालकर आरोपी फरार हो गए।

सुनसान जगह ले जाकर की मारपीट

सूत्रों के अनुसार, बदमाश छात्र को करीब आठ किलोमीटर दूर एक एकांत स्थान पर ले गए। वहां उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं, हाथों की उंगलियां तोड़ दी गईं और एक नाखून तक उखाड़ दिया गया। घायल छात्र को सड़क किनारे छोड़कर आरोपी भाग निकले।

वीडियो वायरल, सुरक्षा पर सवाल

घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परीक्षा केंद्र जैसी संवेदनशील जगह से छात्र को इस तरह उठाकर ले जाना सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।