20 हजार का इनामी ड्रग तस्कर जयपुर से गिरफ्तार, और क्या मिला जानिए

राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए तीन साल से फरार और ₹20,000 के इनामी अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर अजय सिंह शेखावत को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

20 हजार का इनामी ड्रग तस्कर जयपुर से गिरफ्तार, और क्या मिला जानिए

जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए तीन साल से फरार और ₹20,000 के इनामी अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर अजय सिंह शेखावत को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहा था और दिल्ली पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।

 जयपुर से दबोचा गया फरार तस्कर

एजीटीएफ की टीम ने विद्याधर नगर थाना क्षेत्र से आरोपी को डिटेन किया। आरोपी अजय सिंह शेखावत पुत्र अजीत सिंह, निवासी लाडपुर, तहसील खंडेला (सीकर) है। टीम ने कार्रवाई एडीजी पुलिस श्री दिनेश एम.एन. के निर्देशन में, डीआईजी श्री योगेश यादव के सुपरविजन और एएसपी श्री सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में की। सूचना कांस्टेबल गोपाल धाबाई और विजय सिंह ने जुटाई थी, जिसके आधार पर इंस्पेक्टर रामसिंह नाथावत और उनकी टीम ने गुरुवार रात आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद अजय शेखावत को विद्याधर नगर थाने के सुपुर्द किया गया और दिल्ली पुलिस को सूचना भेज दी गई है।

 मार्बल लैंप में छिपाकर होती थी नशे की तस्करी

एडीजी श्री दिनेश एम.एन. ने बताया कि आरोपी अजय शेखावत और उसके साथी मादक पदार्थों की तस्करी के लिए अनोखा तरीका अपनाते थे। वे सीकर जिले के पलसाना क्षेत्र में मार्बल की मूर्तियाँ और लैंप बनवाते थे, जिनके अंदर अल्प्राजोलम जैसी नशीली दवाएं छिपाकर कुरियर के माध्यम से दिल्ली भेजी जाती थीं, फिर इन्हें यूएसए सहित अन्य विदेशी देशों में भेजा जाता था। यह तस्कर करीब तीन साल से फरार चल रहा था और दिल्ली पुलिस को लगातार गुमराह कर रहा था।

एनसीबी की 2022 की कार्रवाई से जुड़ा मामला

अजय शेखावत की गिरफ्तारी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की 13 जुलाई 2022 को की गई बड़ी कार्रवाई से जुड़ी है। तब दिल्ली ज़ोनल यूनिट ने एक कुरियर कंपनी से पार्सल जब्त किया था, जिसमें एक खोखला ग्रेनाइट मार्बल लैंप मिला था। इस लैंप के भीतर रंगीन धागों में लिपटी 13,770 अल्प्राजोलम टैबलेट्स बरामद की गई थीं, जिनका कुल वज़न 1.515 किलोग्राम था। यह खेप सीकर निवासी राहुल कुमावत द्वारा यूएसए के दीपक पटेल को भेजी जा रही थी।

 एजीटीएफ टीम की भूमिका सराहनीय

इस पूरी कार्रवाई में एजीटीएफ टीम के कांस्टेबल गोपाल धाबाई और विजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर रामसिंह नाथावत ने किया, जिनके साथ एसआई बनवारी लाल, प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल महेश सोमरा, हेमंत शर्मा, महावीर सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र, देवेंद्र, गंगाराम और चालक दिनेश शर्मा शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।