Jaipur News: ट्रेन के आगे कूदकर ट्रैकमैन ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में पत्नी-बच्चों से परेशान होने का जिक्र
जयपुर के शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैकमैन महेश तंवर ने ट्रेन की चपेट में आकर जान दे दी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पत्नी और बच्चों से परेशान होने का जिक्र बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
जयपुर में मंगलवार सुबह एक ट्रैकमैन ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के पास की है। रेलवे ट्रैक के पास ट्रैकमैन का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
बताया जा रहा है कि मृतक ने सुसाइड नोट पहले अपने परिचितों को वॉट्सऐप किया था। इसमें उसने पत्नी और बच्चों से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। फिलहाल शिवदासपुरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेलवे क्वार्टर में रहता था ट्रैकमैन
मृतक की पहचान चंदलाई निवासी महेश तंवर (45) पुत्र प्रहलाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महेश शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के रेलवे क्वार्टर में रहता था और ट्रैकमैन के पद पर काम करता था।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे महेश स्टेशन से लगभग 200 मीटर दूर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया।
सुबह रेलवे ट्रैक के पास मिला शव
घटना के करीब एक घंटे बाद सुबह 5 बजे महेश का शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलने पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
सुसाइड नोट की जांच कर रही पुलिस
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में महेश ने पत्नी और बच्चों से परेशान होने का जिक्र किया है। बताया जा रहा है कि उसने यह नोट अपने परिचितों को वॉट्सऐप पर भी भेजा था।
पुलिस अब सुसाइड नोट और वॉट्सऐप संदेशों की जांच कर रही है। साथ ही आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और पारिवारिक विवाद से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

