जयपुर में आज ट्रैफिक अलर्ट: वकीलों का 'आर-पार आंदोलन', NSUI का विरोध मार्च; कई मार्गों पर डायवर्जन, एडवाइजरी जारी
वकीलों के आर-पार आंदोलन और NSUI छात्र मार्च के चलते जयपुर में आज कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। जानें कौन-से रास्ते बंद रहेंगे और किन वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
राजधानी जयपुर में आज वकीलों के 'आर-पार आंदोलन' को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू किया है। अधिवक्ताओं द्वारा कलेक्ट्रेट बंद और कलेक्ट्रेट सर्किल पर विशाल विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में वकीलों के जुटने की संभावना को देखते हुए कलेक्ट्रेट सर्किल, बनीपार्क और आसपास के इलाकों में कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा, जबकि कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संभावित जाम को देखते हुए समय से पहले घर से निकलें और जहां तक संभव हो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। रेलवे स्टेशन और सिंधी कैंप बस स्टैंड जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।
सिंधी कैंप जाने वाली बसों का बदला रूट
सीकर रोड से सिंधी कैंप आने वाली बसें अब अल्का तिराहा, विद्याधर नगर, मंदिर मोड़, कांवटिया सर्किल, शास्त्री नगर, पीतल फैक्ट्री चौराहा, झोटवाड़ा रोड और संजय सर्किल होकर सिंधी कैंप पहुंचेंगी।
सिंधी कैंप से सीकर रोड जाने वाली बसों को मयंक सिनेमा तिराहा, पारीक कॉलेज मोड़, पावर हाउस तिराहा, झोटवाड़ा रोड और पानीपेच के रास्ते संचालित किया जाएगा।
वहीं पोलोविक्ट्री की ओर से आने वाली बसों को गणपति प्लाजा, गवर्नमेंट हॉस्टल, संसार चंद्र रोड, संजय सर्किल, झोटवाड़ा रोड और पानीपेच के रास्ते सीकर रोड भेजा जाएगा।
इन इलाकों में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
आंदोलन के दौरान पानीपेच तिराहा, एफएसएल तिराहा, चिंकारा तिराहा, दूधमंडी चौराहा, माधोसिंह सर्किल, पीतल फैक्ट्री चौराहा, खासाकोठी, रेलवे स्टेशन, राजपूताना कट और कबीर मार्ग सहित कई प्रमुख स्थानों से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
इन रास्तों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंध
केपी मोटर्स कट से कलेक्ट्रेट सर्किल
मीरा मार्ग से कलेक्ट्रेट सर्किल
शिव सर्किल से कलेक्ट्रेट सर्किल
इन सड़कों पर रहेगी नो-पार्किंग
जयसिंह हाईवे
माधोसिंह रोड
शिव मार्ग
खासाकोठी से कलेक्ट्रेट सर्किल
कबीर मार्ग
झोटवाड़ा रोड
संसार चंद्र रोड
एमआई रोड
रेलवे स्टेशन और सिंधी कैंप जाने वाले यात्री रखें विशेष ध्यान
ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि आज शहर के मध्य क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रह सकता है। ऐसे में ट्रेन या बस पकड़ने वाले यात्री पर्याप्त समय पहले घर से निकलें। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध रहेगा।
इसी दिन NSUI का भी होगा छात्र विरोध मार्च
वहीं, आज शाम NSUI राजस्थान भी पेपर लीक के खिलाफ देशव्यापी अभियान 'छात्रों की गूंज' के तहत जयपुर में विरोध मार्च निकालेगी। पोस्टर के अनुसार यह मार्च होटल ग्रांड सफारी (गुरु की थड़ी) से गोपालपुरा पुलिया तक शाम 6:30 बजे निकाला जाएगा। संगठन ने छात्रों से बड़ी संख्या में शामिल होकर शिक्षा में पारदर्शिता, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को बुलंद करने की अपील की है।
ऐसे में एक ही दिन वकीलों के 'आर-पार आंदोलन' और NSUI के छात्र विरोध मार्च के कारण जयपुर के कई इलाकों में ट्रैफिक का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रूट प्लान जरूर कर लें, ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें।

