वीणा कैसेट्स के संस्थापक केसी मालू ने दुनिया को कहा अलविदा-राजस्थान रत्न सम्मान से भी हो चुके थे सम्मानित
वीणा कैसेट्स और सुर संगम संस्था के संस्थापक केसरी चंद (के.सी.) मालू का 80 वर्ष की उम्र में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। राजस्थान के संगीत और उद्योग जगत में शोक की लहर है।
राजस्थान के प्रसिद्ध उद्योगपति, वीणा कैसेट्स के संस्थापक और सुर संगम संस्था के संस्थापक केसरी चंद (के.सी.) मालू का सोमवार देर रात हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे। उनके निधन से राजस्थान के संगीत, संस्कृति और उद्योग जगत में शोक की लहर है।
केसरी चंद मालू ने राजस्थानी लोक और भक्ति संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वीणा कैसेट्स के माध्यम से उन्होंने प्रदेश के अनेक लोक कलाकारों को मंच दिया और राजस्थानी गीतों को देश ही नहीं, विदेशों तक पहचान दिलाई। संगीत और संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें राजस्थान रत्न सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।
परिवार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा मंगलवार शाम 4:30 बजे निर्माण नगर स्थित मालू हाउस से पुरानी चुंगी मोक्षधाम के लिए रवाना होगी। उनके निधन पर सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

