Ayodhya Ram Mandir: पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने CEO पद के लिए किया आवेदन, ट्रस्ट ने मांगे हैं देशभर से आवेदन
Ayodhya Ram Mandir CEO Recruitment: पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के CEO पद के लिए आवेदन किया है। 18 जुलाई को इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के बाद ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए देशभर से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पद के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भी आवेदन किया है।
अपने आवेदन में अमिताभ ठाकुर ने भारतीय पुलिस सेवा और लोक प्रशासन में लगभग तीन दशक के अनुभव का उल्लेख किया है। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधन, सतर्कता, विधिक एवं प्रशासनिक मामलों, कार्मिक प्रबंधन तथा संस्थागत समन्वय जैसे क्षेत्रों में अपने कार्यों को प्रमुखता से रखा है।
प्रशासनिक अनुभव और राम के आदर्शों का दिया हवाला
अमिताभ ठाकुर ने आवेदन में खुद को हिंदू सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा बताते हुए भगवान श्रीराम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उनके प्रशासनिक अनुभव, पारदर्शी कार्यशैली और सुशासन के आधार पर उनकी उम्मीदवारी पर विचार किया जाए।
चढ़ावा चोरी मामले के बाद लिया गया फैसला
गौरतलब है कि 5 जून को राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कई जिम्मेदार पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद ट्रस्ट की बैठक में प्रबंधन व्यवस्था में व्यापक बदलाव करने का निर्णय लिया गया।
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा की सलाह पर यह तय किया गया कि ट्रस्ट के प्रशासनिक संचालन के लिए किसी सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी को CEO नियुक्त किया जाएगा।
18 जुलाई को होंगे इंटरव्यू
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट के माध्यम से CEO पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ट्रस्ट के अनुसार, इस पद के लिए प्राप्त आवेदनों पर 18 जुलाई को शाम 4 बजे साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

