राजस्थान में अब कड़ाके की ठंड का इंतजार, कई जिलों में छाया घना कोहरा

राजस्थान में अब सर्दी दस्तक देने लगी है। पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के दौर के बाद राज्य के कई जिले घने कोहरे की चादर में लिपट गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा, नागौर, अलवर, सीकर और बूंदी में विजिबिलिटी मात्र 15 मीटर तक सिमट गई है।

राजस्थान में अब कड़ाके की ठंड का इंतजार, कई जिलों में छाया घना कोहरा

जयपुर। राजस्थान में अब सर्दी दस्तक देने लगी है। पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के दौर के बाद राज्य के कई जिले घने कोहरे की चादर में लिपट गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा, नागौर, अलवर, सीकर और बूंदी में विजिबिलिटी मात्र 15 मीटर तक सिमट गई है। वहीं, नवंबर माह में भी बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से कई इलाकों में बारिश और तापमान में गिरावट की संभावना है।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, अक्टूबर महीने में राजस्थान में 412 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। जबकि सामान्य औसत 10.8 प्रतिशत होता है। अरब सागर की खाड़ी में बना अवदाब (Low Pressure Area) अब कमजोर होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया (WML) में बदल गया है। इसके असर से 1 और 2 नवंबर को उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

 प्रदेश के न्यूनतम तापमान

  • अजमेर: 16.5°C
  • सीकर: 15.2°C
  • कोटा: 21.9°C
  • जयपुर: 21.0°C
  • बाड़मेर: 20.3°C
  • जोधपुर: 18.5°C
  • श्रीगंगानगर: 18.2°C
  • नागौर: 19.2°C
  • झुंझुनूं: 19.5°C
  • चित्तौड़गढ़: 19.6°C

3 नवंबर से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 3 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में 3-4 नवंबर को मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं बीकानेर संभाग में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। 5 नवंबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा और उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। राजस्थान में अब मौसम लगातार बदल रहा है, और आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड दस्तक दे सकती है।