राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सभी 8 आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, 13 जुलाई को अगली सुनवाई

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के घरों से नकदी, आभूषण और दस्तावेज बरामद किए हैं। अगली सुनवाई 13 जुलाई को होगी।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सभी 8 आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, 13 जुलाई को अगली सुनवाई

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को सोमवार (29 जून) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। अब इस मामले में अगली सुनवाई 13 जुलाई को होगी।

सभी आरोपियों को जेल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। इस दौरान पुलिस ने अदालत में केस डायरी और जांच से जुड़े अहम दस्तावेज पेश करते हुए कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और कई महत्वपूर्ण पहलुओं की पड़ताल बाकी है। इसलिए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में रखना आवश्यक है।

पुलिस ने अदालत को बताया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी। शुरुआती जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, जबकि अब आगे की जांच और सबूत जुटाने के लिए 14 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि रविवार को आरोपियों के घरों पर छापेमारी की गई थी। इस कार्रवाई के दौरान नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। फिलहाल इन सभी बरामद सामानों का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका इस मामले से कोई संबंध है या नहीं।

जांच एजेंसियों का कहना है कि यदि आगे की जांच में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की आवश्यकता महसूस हुई, तो अदालत से पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की जाएगी। इसके लिए जांच टीम पूछताछ से जुड़े सवालों की विस्तृत सूची तैयार कर रही है।

फिलहाल सभी आठ आरोपी 13 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे। इस दौरान पुलिस मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाने, बरामद दस्तावेजों की जांच और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल में जुटी रहेगी।