“गहलोत के बयान को गांठ बांधकर रखिए…” : सचिन पायलट के एक जवाब ने फिर तेज कर दी राजस्थान कांग्रेस की सियासी चर्चा
बांसवाड़ा दौरे के दौरान सचिन पायलट ने अशोक गहलोत के 'बेटे जैसा' बयान पर प्रतिक्रिया दी। पायलट के जवाब के बाद राजस्थान कांग्रेस की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राजस्थान कांग्रेस की राजनीति में एक बार फिर अशोक गहलोत और सचिन पायलट की जोड़ी सुर्खियों में है। बांसवाड़ा दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में सचिन पायलट ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर ऐसा जवाब दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।
दरअसल, पत्रकारों ने पायलट से गहलोत के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी, जिसमें उन्होंने सचिन पायलट को “अपने बेटे जैसा” बताया था। इस सवाल पर पायलट ने मुस्कुराते हुए कहा, “आपने उनका स्टेटमेंट दोहरा दिया है। उसे गांठ बांधकर रखिए… लपेटकर रखिए। वही आखिर में सत्य है और वही रहेगा।”

पायलट का यह संक्षिप्त लेकिन अर्थपूर्ण जवाब अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राजनीतिक विश्लेषक उनके बयान के अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। कुछ इसे दोनों नेताओं के रिश्तों में नरमी का संकेत मान रहे हैं, तो कुछ इसे एक संतुलित राजनीतिक संदेश के तौर पर देख रहे हैं।
कुछ सप्ताह पहले अशोक गहलोत ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि सचिन पायलट उनके बेटे की तरह हैं। उन्होंने कहा था कि जब वे सांसद थे, तब सचिन पायलट और उनके बेटे वैभव दोनों छोटे बच्चे थे, इसलिए उनके मन में हमेशा पायलट के लिए स्नेह रहा है। गहलोत ने यह भी स्पष्ट किया था कि व्यक्तिगत स्तर पर उनके मन में सचिन पायलट के प्रति कोई कटुता नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि अब राजनीति में पायलट को कौन सलाह देता है, यह उन्हें नहीं पता।

अब पायलट की प्रतिक्रिया के बाद राजस्थान कांग्रेस के भीतर दोनों नेताओं के रिश्तों को लेकर चर्चाओं का दौर फिर शुरू हो गया है। हालांकि दोनों नेताओं की ओर से किसी तरह के विवाद का संकेत नहीं दिया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस बयान को लेकर कई तरह की व्याख्याएं की जा रही हैं।

