दौसा में SBI बैंक से 30 लाख का गबन, कैशियर समेत दो आरोपी गिरफ्तार
Dausa में State Bank Of India शाखा में 30 लाख गबन का खुलासा। कैशियर और संविदाकर्मी गिरफ्तार, फर्जी वाउचर से रकम ट्रांसफर करने का आरोप।
राजस्थान के दौसा जिले में मंडावरी थाना पुलिस ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में हुए 30 लाख रुपये के गबन मामले का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में बैंक के कैशियर विनोद कुमार मीना और संविदाकर्मी विरेंद्र कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
फर्म के खाते से बिना जानकारी के निकाले पैसे
शिकायतकर्ता गिर्राज प्रसाद ने 25 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म ‘पुरुषोत्तमलाल-पवन कुमार’ के बैंक खाते से बिना अनुमति 30 लाख रुपये निकाल लिए गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी वाउचर बनाकर 13 नवंबर 2025 को 23 लाख और 20 नवंबर 2025 को 7 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।
बैंक की आंतरिक प्रक्रिया का दुरुपयोग, मिलीभगत से अंजाम दी वारदात
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। उन्होंने बैंक की आंतरिक प्रक्रियाओं का गलत इस्तेमाल कर ग्राहक के खाते से रकम निकाल ली, जिससे बैंकिंग सिस्टम की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
उच्च अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश और दौसा एसपी सागर राणा के निर्देशन में की गई। मंडावरी थाना पुलिस ने टीम बनाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनसे पूछताछ जारी है।
शाखा प्रबंधक की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस अब SBI शाखा प्रबंधक की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।
Saloni Kushwaha 
