अब सिर्फ 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में समोसा-कचौरी
Jaipur International Airport पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू, अब चाय ₹10 और कॉफी ₹20 में मिलेगी। सस्ते स्नैक्स के साथ यात्रियों को बड़ी राहत।
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब यहां चाय सिर्फ 10 रुपये और कॉफी मात्र 20 रुपये में उपलब्ध होगी। पहले जहां अलग-अलग काउंटरों पर चाय और कॉफी 50 रुपये में मिलती थी, वहीं अब ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत के साथ यात्रियों को किफायती दरों पर खाने-पीने की सुविधा मिल सकेगी।रविवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने वर्चुअल माध्यम से इस ‘उड़ान यात्री कैफे’ का उद्घाटन किया। यह कैफे टर्मिनल-2 के प्री-चेक-इन प्रस्थान क्षेत्र में शुरू किया गया है। यहां यात्रियों को पानी, चाय, कॉफी, समोसा, कचौरी और अन्य स्नैक्स बहुत सस्ते दामों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पहल खासकर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। इससे हवाई यात्रा और अधिक सुलभ, सुविधाजनक और किफायती बनेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की ‘उड़ान’ योजना के तहत हवाई यात्रा को आम नागरिक तक पहुंचाने और यात्रियों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट राजस्थान का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। वित्त वर्ष 2024-25 में यहां 60 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जबकि रोजाना करीब 120 उड़ानों का संचालन होता है। 776 एकड़ में फैला यह एयरपोर्ट आधुनिक सुविधाओं से लैस है और हाल ही में एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) से लेवल-3 मान्यता भी प्राप्त कर चुका है।एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि ‘उड़ान यात्री कैफे’ की यह पहल यात्रियों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने और हवाई यात्रा को और अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक अहम प्रयास है।
Saloni Kushwaha 
