जयपुर रोड रेज: बाइक तोड़ने वाली युवती ने मांगी माफी, पुलिस ने लिया एक्शन

Jaipur में रोड रेज के दौरान बाइक में तोड़फोड़ करने वाली युवती ने माफी मांगी। Sodala क्षेत्र की घटना के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू की।

राजधानी जयपुर में एक रोड रेज मामले में बाइक में तोड़फोड़ करने वाली युवती के खिलाफ पुलिस ने एक्शन ले लिया है। युवती ने अपनी गलती मानते हुए लिखित माफी नामा सौंप दिया है और माफी मांगते हुए वीडियो भी जारी किया है...दरअसल सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इसमें एक युवती सड़क किनारे खड़ी एनफील्ड बाइक पर पहले हेलमेट से और फिर पत्थर से हमला करती दिख रही थी।बाइक मालिक के बार-बार रोकने के बावजूद वह नहीं मानी।घटना 23 मार्च को सोडाला थाना क्षेत्र के 22 गोदाम पुलिया राम मंदिर के पास हुई। एक स्कूटी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही बाइक उससे टकराई, जिससे आगे चल रही रैपिडो बाइक पर सवार युवती को हल्की चोट आई और उसकी नई पैंट भी फट गई।गुस्से में आकर युवती ने 1700 रुपये मुआवजे की मांग की और जब बात नहीं बनी तो वह आक्रामक हो गई। उसने पहले हेलमेट से बाइक के साइड मिरर और इंडिकेटर तोड़े, फिर पत्थर उठाकर दोबारा तोड़फोड़ की। राहगीरों और मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा के समझाने के बावजूद युवती नहीं मानी और बहस करती रही।पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवती की पहचान कर ली। पूछताछ में युवती ने पूरी घटना स्वीकार कर ली और बताया कि आवेश में आकर उसने ऐसा किया। इसके बाद उसने लिखित माफी भी दे दी।हालांकि पीड़ित बाइक चालक ने डर के कारण औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके बावजूद पुलिस ने युवती के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेकर इस्तगासा तैयार किया है और मामले को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि युवती का यह व्यवहार सार्वजनिक शांति के लिए खतरा बन सकता था, इसलिए एहतियात के तौर पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है....