बालोतरा में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कॉर्पियो डंपर से भिड़ी, 5 युवकों की मौत, 3 की हालत गंभीर
राजस्थान के बालोतरा में स्कॉर्पियो और डंपर की भीषण टक्कर में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर घायल हैं। पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की जांच कर रही है।
बालोतरा जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर भांडियावास गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर सरकारी एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर निजी एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों और मृतकों को बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जोधपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो और युवकों की मौत हो गई।
हादसे के बाद नाहटा अस्पताल में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और गमगीन माहौल बना रहा, जबकि परिजन अपनों की जानकारी लेने के लिए परेशान नजर आए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो पहले किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आई, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक बायतू क्षेत्र के कानोड़ गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान रेवांताराम (26), स्वरूपाराम (27), भरत (25), किशन (27) और भावेश के रूप में हुई है। वहीं बाबू, मुकेश और हेमाराम गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है।
इस हादसे ने पूरे कानोड़ गांव को शोक में डुबो दिया है। एक साथ पांच युवकों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

