दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों के गहनों की ठगी में बदला मामला
चेन्नई के पुरसईवाक्कम में व्यवसायी की पत्नी से कथित धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला। 850 ग्राम सोना और नकदी हड़पने का आरोप, पुलिस जांच जारी।
तमिलनाडु की राजधानी Chennai के पुरसईवाक्कम इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यवसायी की पत्नी के साथ कथित रूप से धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग की घटना हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपार्टमेंट में बढ़ी जान-पहचान
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अपने पति के साथ अटारी अपार्टमेंट में रह रही थीं। वर्ष 2025 में उसी इमारत की चौथी मंजिल पर संगीता नामक महिला अपने बेटे दिलीप के साथ रहने आई। पड़ोस में रहने के कारण दोनों परिवारों के बीच मेलजोल बढ़ा और धीरे-धीरे यह जान-पहचान गहरी दोस्ती में बदल गई।
इसी दौरान दिलीप और पीड़िता के बीच भी नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई है।
गहने और नकदी लेने का आरोप
पुलिस जांच में दावा किया गया है कि दिलीप ने जरूरत का हवाला देकर पीड़िता से भारी मात्रा में कीमती सामान और नकदी ली। शिकायत के अनुसार, उसने करीब 850 ग्राम सोना, 120 ग्राम हीरे के आभूषण, लगभग 2 किलो चांदी और करीब 20 हजार रुपये अपने पास रख लिए।
जब पीड़िता ने सामान और रकम लौटाने को कहा, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
निजी तस्वीरों से धमकाने का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दिलीप ने कथित तौर पर निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी। पीड़िता के पति को जब पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली, तो उन्होंने दिलीप और उसकी मां से गहने व नकदी लौटाने की मांग की।
इसके बाद दोनों मां-बेटे कथित रूप से अपार्टमेंट छोड़कर फरार हो गए और उनका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
पुलिस के अनुसार, दिलीप के खिलाफ अगस्त 2024 में भी एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उस पर सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से संपर्क कर एयर होस्टेस की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगा था।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।
Saloni Kushwaha 
