बानसूर में दिनदहाड़े गोलियां चलीं, थार-स्विफ्ट से बाइक पर टक्कर, फिर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, जवाबी फायरिंग भी, CCTV वीडियो वायरल
राजस्थान के बानसूर क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो गुटों के बीच दिनदहाड़े सड़क पर फायरिंग हो गई।
बानसूर। राजस्थान के बानसूर क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो गुटों के बीच दिनदहाड़े सड़क पर फायरिंग हो गई। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। हमलावर थार और स्विफ्ट कार में सवार होकर आए और तीन बाइक सवार युवकों को पहले टक्कर मारी, फिर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हैरानी की बात यह कि बाइक सवारों ने भी हार नहीं मानी और जवाबी फायरिंग कर दी।
CCTV फुटेज में कैद हुई खौफनाक वारदात
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे CCTV फुटेज में पूरी घटना साफ-साफ कैद हो गई है। वीडियो में दिख रहा है कि तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर सड़क से गुजर रहे थे। तभी पीछे से आ रही थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
इसके तुरंत बाद थार और उसके पीछे आई स्विफ्ट कार से बदमाश उतरे और बाइक सवारों पर गोलियां बरसाने लगे। एक बदमाश तो स्विफ्ट कार से युवकों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करता नजर आया। जवाब में बाइक सवार पक्ष के एक शख्स ने भी पिस्तौल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही सेकंड में सड़क पर दर्जनों राउंड गोलियां चलीं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही बानसूर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश को इस खूनी झड़प की वजह बताया जा रहा है।

