10 हजार का इनामी बदमाश राधे गुर्जर धराया, पुलिस ने बरामद किए दो देशी कट्टे और 22 जिंदा कारतूस
पुलिस और डीएसटी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश राधे उर्फ राधेश्याम गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है।
धौलपुर जिले की सोने का गुर्जा पुलिस और डीएसटी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश राधे उर्फ राधेश्याम गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश को सिकर्रा गांव के पास जंगल से दबोचा गया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक पचफेरा, एक पौवा कट्टा और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाड़ी कमल कुमार जागीड़ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर जिले में वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। इसी कड़ी में सोने का गुर्जा थाना प्रभारी कैलाश चंद की टीम लगातार सक्रिय थी।
बुधवार शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी कैलाश चंद के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल बीरबल, धर्मेंद्र, सोनवीर और डीएसटी टीम ने सिकर्रा गांव के जंगल में घेराबंदी कर राधे गुर्जर को दबोच लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश राधे उर्फ राधेश्याम गुर्जर पुत्र सूबे गुर्जर (निवासी सोने का गुर्जा, डांग क्षेत्र) के खिलाफ बाड़ी, कंचनपुर, सोने का गुर्जा और सरमथुरा थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और फिरौती मांगने जैसे कुल 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस उसे गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता व साथियों के बारे में गहन पूछताछ करेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

