कब हटेगा लाल कोठी का अतिक्रमण
Jaipur की Lal Kothi Sabzi Mandi के बाहर अतिक्रमण से यातायात बाधित, गंदगी और अव्यवस्था से लोग परेशान। प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल।
जयपुर नगर निगम के सिविल लाइन जोन में स्थित लाल कोठी सब्जी मंडी के बाहर वर्षों से फैला अस्थायी अतिक्रमण अब प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। नगर निगम द्वारा समय-समय पर औपचारिक कार्रवाई जरूर की गई, लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आती है, क्योंकि कुछ ही दिनों में फिर वही ठेलियां सड़क पर कब्जा जमा लेती हैं। हालात यह हैं कि सड़क किनारे फल-सब्जी विक्रेताओं की लंबी कतार के कारण रास्ता इतना संकरा हो गया है कि आमजन, वाहन चालक और यहां तक कि सरकारी कर्मचारी भी जाम की समस्या से जूझने को मजबूर हैं। विडंबना यह है कि कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी और न्याय व्यवस्था से जुड़े लोग भी वहीं सड़क पर वाहन खड़े कर खरीदारी करते दिख जाते हैं, जिससे स्थिति और बदतर हो जाती है। इसके चलते हर समय दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है। वहीं, इन ठेलियों के आसपास फैली गंदगी और अस्वच्छ माहौल में खुलेआम फल-सब्जियां बेची जा रही हैं, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं, जिससे साफ है कि शहर की व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है।
Saloni Kushwaha 
