रातभर जागा जयपुर, 2500 सफाईकर्मियों ने चलाया ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप

Jaipur में नगर निगम ने ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत रातभर सफाई अभियान चलाया। 2500 से ज्यादा सफाईकर्मियों के साथ कलेक्टर संदेश नायक और कमिश्नर ओम कसेरा भी मैदान में नजर आए।

रातभर जागा जयपुर, 2500 सफाईकर्मियों ने चलाया ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप

जयपुर जब सो रहा था, तब शहर को चमकाने के लिए हजारों हाथ जाग रहे थे। शनिवार रात नगर निगम ने ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाकर परकोटे और हेरिटेज इलाके की तस्वीर बदलने की कोशिश की। रात 11:30 बजे शुरू हुआ ये अभियान रविवार सुबह तक चला, जिसमें 2500 से ज्यादा सफाईकर्मी और निगम कर्मचारी सड़कों, गलियों और बाजारों की सफाई में जुटे रहे।

सबसे खास बात ये रही कि सिर्फ कर्मचारी ही नहीं, बल्कि जयपुर कलेक्टर संदेश नायक और नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा भी पूरी रात मैदान में डटे रहे। दोनों अधिकारी स्कूटी और पैदल परकोटे की तंग गलियों में घूम-घूमकर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया और मिठाई खिलाकर उनका उत्साह भी बढ़ाया।

नगर निगम का दावा है कि यह अब तक का सबसे बड़ा रात्रिकालीन सफाई अभियान था। कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि पहले रात की सफाई सिर्फ मुख्य सड़कों तक सीमित रहती थी, लेकिन पहली बार अंदरूनी गलियों में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। हाल ही में हुई ‘स्वच्छता मैराथन’ के बाद अब ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के जरिए शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए तैयार किया जा रहा है।

कमिश्नर ओम कसेरा ने लोगों से अपील की कि अगर कचरा गाड़ी समय पर नहीं पहुंचे, तो लोग सड़क पर कचरा फेंकने की बजाय अगले दिन तक इंतजार करें। उन्होंने कहा कि शहर को साफ रखना सिर्फ नगर निगम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

पूरी रात निरीक्षण करने को लेकर पूछे गए सवाल पर ओम कसेरा ने श्रीमद्भगवद्गीता का श्लोक “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” दोहराते हुए कहा कि उनका काम ईमानदारी से प्रयास करना है, परिणाम ऊपर वाले के हाथ में है। नगर निगम ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जयपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सके।