सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार के नाम पर सीएम बनने की चर्चा तेज
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफा दे दिया है, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। डीके शिवकुमार के नए मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज है। जानिए पूरा घटनाक्रम और राजनीतिक स्थिति।
कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बेंगलुरु में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्होंने पार्टी हाईकमान के निर्देश के बाद यह फैसला लिया है। सिद्धारमैया ने कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि हाईकमान जब कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा। कल निर्देश मिला और आज मैंने इस्तीफा दे दिया।”
राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत के सचिव को सौंप दिया है। हालांकि राज्यपाल फिलहाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर हैं। ऐसे में इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार होना अभी बाकी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे, लेकिन इस दौरान यह स्पष्ट नहीं किया गया कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
बैठक के बाद आया बड़ा राजनीतिक बदलाव
इस्तीफे से पहले सिद्धारमैया ने अपने आवास पर मंत्रियों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की गई। इसी बैठक के दौरान डीके शिवकुमार द्वारा सिद्धारमैया के पैर छूने और दोनों नेताओं के गले मिलने की तस्वीरें भी सामने आईं, जिसने राजनीतिक हलचल और बढ़ा दी।
सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार के मंत्री एचके पाटिल ने संकेत दिया है कि डीके शिवकुमार के नाम पर सहमति बन चुकी है और वे राज्य के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं।
क्या कहता है नियम?
संवैधानिक प्रक्रिया के अनुसार मुख्यमंत्री राज्यपाल को अपना लिखित इस्तीफा ई-मेल या व्यक्तिगत रूप से सौंप सकते हैं, भले ही राज्यपाल राज्य में मौजूद न हों। हालांकि इस्तीफा तब तक प्रभावी नहीं होता जब तक राज्यपाल उसे स्वीकार नहीं कर लेते। इस बीच मौजूदा मुख्यमंत्री ही कार्यभार संभालते रहते हैं।
राजनीतिक माहौल गरमाया
सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कर्नाटक की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं बढ़ गई हैं और अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
Saloni Kushwaha 
