बकरीद के दिन युवक सूर्या की हत्या मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
गाजियाबाद के मकंदपुर खोड़ा में बकरीद के दिन हुए सूर्या हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मकंदपुर खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन हुए चर्चित सूर्या हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरहान, आसिफ और नवाब के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते विवाद हुआ, जिसके दौरान सूर्या पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को तत्काल नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसके मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दोस्त ने बताई घटना की पूरी कहानी
मृतक सूर्या के एक दोस्त ने दावा किया कि वह सूर्या के साथ एक परिचित के घर गया था, जहां उन्हें मीट खाने के लिए कहा गया। जब उन्होंने मीट खाने से इनकार किया, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर सूर्या के पेट में वार कर दिया। उस समय वहां कई अन्य लोग भी मौजूद थे।
घायल होने के बाद सूर्या वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुख्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी। शिकायतकर्ता विनीत राजपूत की तहरीर के आधार पर खोड़ा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी अशद के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौत से पहले का वीडियो आया सामने
मामले में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सूर्या को कई लोगों से घिरा हुआ देखा जा सकता है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और उसमें दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
वहीं, सूर्या के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एफआईआर में चार लोगों को नामजद किया गया था, लेकिन अभी तक केवल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। परिवार ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य तकनीकी सबूतों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Saloni Kushwaha 
