कोलकाता में दर्दनाक हादसा: बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, बच्चे समेत 9 की मौत, 6 घायल
Kolkata Fire: कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मिर्जा गालिब स्ट्रीट की G+4 इमारत में तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में बच्चे समेत 9 लोगों की मौत और 6 घायल हुए हैं।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मध्य कोलकाता के न्यू मार्केट थाना क्षेत्र में मिर्जा गालिब स्ट्रीट (फ्री स्कूल स्ट्रीट) स्थित एक बहुमंजिला इमारत में करीब रात 2 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में एक बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। आग की चपेट में आई इमारत से करीब 60 से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
G+4 इमारत में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, आग बुधवार 19 अगस्त 2026 को तड़के करीब 2 बजे मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित G+4 यानी पांच मंजिला इमारत में लगी। आग लगते ही इमारत में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मृतकों में एक बच्चा भी शामिल
इस हादसे में कुल 9 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 6 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में कुछ लोग बांग्लादेशी नागरिक भी बताए जा रहे हैं, जो इलाज के लिए कोलकाता आए हुए थे। हालांकि, मृतकों की पहचान और नागरिकता को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत पुष्टि की जा रही है।
6 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
आग की घटना में 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए कलकत्ता मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
शॉर्ट सर्किट या AC में खराबी की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या एसी में खराबी/ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
फिलहाल घटनास्थल पर राहत और जांच का काम जारी है। प्रशासन की ओर से इमारत की सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों की भी जांच की जा रही है।

