राजस्थान में बीजेपी का संकल्प पत्र जारी,हर पंचायत में खेल मैदान और अटल ज्ञान केंद्र, गांवों के लिए BJP के बड़े वादे

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 से पहले BJP ने ग्राम विकास संकल्प पत्र जारी किया। जानें हर पंचायत में खेल मैदान, अटल ज्ञान केंद्र और गांवों में सुविधाओं को लेकर CM भजनलाल की घोषणाएं।

राजस्थान में बीजेपी का संकल्प पत्र जारी,हर पंचायत में खेल मैदान और अटल ज्ञान केंद्र, गांवों के लिए BJP के बड़े वादे
Cm Bhajanlal Sharma

राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ग्रामीण विकास को लेकर अपना ‘ग्राम विकास संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है। इसमें गांवों से शहरों की ओर पलायन रोकने, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान और अटल ज्ञान केंद्र विकसित करने समेत कई घोषणाएं की हैं।

जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह-प्रभारी कविता पाटीदार और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने संकल्प पत्र जारी किया।

गांवों में मिलेंगी शहर जैसी सुविधाएं, पलायन रोकने पर जोर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार की तलाश में पिछले कई दशकों से ग्रामीण आबादी शहरों की ओर जा रही है। इससे शहरों पर जनसंख्या का दबाव भी बढ़ा है। सरकार का लक्ष्य गांवों में ही ऐसी सुविधाएं विकसित करना है, जिससे लोगों को छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए शहरों का रुख न करना पड़े।

संकल्प पत्र में ग्राम पंचायतों में पक्की सड़कें, बिजली, स्वच्छ पेयजल और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया है। सरकार की मंशा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर लोगों को अपने गांव में ही बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की है।

हर ग्राम पंचायत में बनेगा अटल ज्ञान केंद्र और खेल मैदान

भाजपा के ग्राम विकास संकल्प पत्र में युवाओं की शिक्षा और खेलों पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अभ्यास और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके साथ ही हर ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की गई है। इन केंद्रों पर हाई-स्पीड इंटरनेट और पढ़ाई से जुड़ी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को गांव में ही अध्ययन की बेहतर सुविधा देना है, ताकि उन्हें कोचिंग और ऑनलाइन पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़े।

किसानों और पशुपालकों के लिए क्या है योजना?

संकल्प पत्र में किसानों और पशुपालकों से जुड़े मुद्दों को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने पशुपालकों तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए मोबाइल वैन सेवा का जिक्र किया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को राशन और बेघर परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने से जुड़े सरकारी प्रयासों की जानकारी दी।

पानी की समस्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) और यमुना जल समझौते जैसी परियोजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से राजस्थान में जल उपलब्धता और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने 10 बड़ी सिंचाई परियोजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि इनमें से चार का सीधा लाभ राजस्थान के किसानों को मिलने वाला है।

विधानसभा चुनाव के वादों पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में किए गए करीब 78 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

अब पंचायत चुनाव में ग्राम विकास संकल्प पत्र के वादे ग्रामीण मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बन सकते हैं। हालांकि, इन घोषणाओं को जमीन पर लागू करने की समयसीमा, बजट और ग्राम पंचायतों में सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही इनके क्रियान्वयन की स्थिति स्पष्ट होगी।