Rajasthan Congress: धीरज गुर्जर की छुट्टी, जगदीश चंद्र जांगिड़ बने उत्तर प्रदेश के नए AICC सचिव, कांग्रेस ने किया बड़ा संगठनात्मक बदलाव
Rajasthan Congress News: AICC ने उत्तर प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए धीरज गुर्जर को जिम्मेदारी से मुक्त किया। उनकी जगह राजस्थान के वरिष्ठ नेता जगदीश चंद्र जांगिड
Rajasthan Congress: ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने उत्तर प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए सचिवों की नई सूची जारी की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद जारी इस सूची में छह निवर्तमान सचिवों की जगह छह नए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल का असर राजस्थान की राजनीति पर भी देखने को मिला है। कांग्रेस हाईकमान ने वरिष्ठ नेता धीरज गुर्जर को उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी एवं AICC सचिव पद से मुक्त कर दिया है। उनकी जगह राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और सादुलशहर के पूर्व विधायक जगदीश चंद्र जांगिड़ को उत्तर प्रदेश का नया AICC सचिव नियुक्त किया गया है।
धीरज गुर्जर की जगह जगदीश जांगिड़ को मिली जिम्मेदारी
धीरज गुर्जर लंबे समय से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के सह-प्रभारी और AICC सचिव के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रहे धीरज गुर्जर को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के करीबी नेताओं में माना जाता है।
अब उनकी जगह जगदीश चंद्र जांगिड़ को उत्तर प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजस्थान कांग्रेस के प्रमुख OBC चेहरे हैं जांगिड़
जगदीश चंद्र जांगिड़ राजस्थान कांग्रेस के प्रमुख ओबीसी नेताओं में गिने जाते हैं। वे श्रीगंगानगर जिले की सादुलशहर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनकी संगठनात्मक क्षमता और अनुभव को देखते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जगदीश चंद्र जांगिड़ ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि AICC सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपने के लिए वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल सहित पूरे कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभारी हैं।
उन्होंने कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का भी धन्यवाद देते हुए कहा कि वे नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
संगठन को मजबूत करने की तैयारी
कांग्रेस का यह संगठनात्मक फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब पार्टी विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटी हुई है। उत्तर प्रदेश में नए सचिवों की नियुक्ति को संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता लाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। राजस्थान से जगदीश चंद्र जांगिड़ को मिली यह जिम्मेदारी राज्य कांग्रेस के लिए भी महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत मानी जा रही है

