निकाय चुनाव: आज नामांकन का आखिरी मौका, BJP-कांग्रेस की लिस्ट नहीं होगी जारी; RO तक पहुंचेगा सिंबल

राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया का आज आखिरी दिन है। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक करने के बजाय RO कार्यालय में पार्टी सिंबल जमा करेंगी। अंतिम दिन 35 हजार से अधिक नामांकन दाखिल होने का अनुमान है।

निकाय चुनाव: आज नामांकन का आखिरी मौका, BJP-कांग्रेस की लिस्ट नहीं होगी जारी; RO तक पहुंचेगा सिंबल

राजस्थान में निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया का आज आखिरी दिन है। सोमवार को प्रदेशभर में बड़ी संख्या में प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करेंगे। टिकट वितरण में देरी के कारण कई जगहों पर अंतिम दिन ही प्रत्याशियों के नामांकन की तस्वीर साफ होगी।

BJP-कांग्रेस नहीं जारी करेंगी प्रत्याशियों की सूची

निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने अब तक प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची सार्वजनिक नहीं की है। इसके बजाय दोनों प्रमुख दल अपने अधिकृत उम्मीदवारों के पार्टी सिंबल सीधे संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर यानी RO के कार्यालय में जमा कराएंगे।

पार्टी स्तर पर कई प्रत्याशियों को टिकट मिलने की सूचना पहले ही दी जा चुकी है। ऐसे में कुछ जगहों पर उम्मीदवारों को सिंबल मिलने के साथ ही सामूहिक रूप से नामांकन दाखिल करने का सिलसिला देखने को मिल सकता है।

अब तक 13 हजार उम्मीदवारों ने भरे पर्चे

प्रदेश में अब तक करीब 13 हजार उम्मीदवार 15,430 नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। हालांकि ज्यादातर राजनीतिक दलों की ओर से टिकट वितरण में हुई देरी के चलते नामांकन की रफ्तार अंतिम दिन तेज होने की संभावना है।

35 हजार से ज्यादा नामांकन का अनुमान

अंतिम दिन भाजपा, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी बड़ी संख्या में पर्चा दाखिल कर सकते हैं। अनुमान है कि सोमवार को प्रदेशभर में 35 हजार से अधिक नामांकन दाखिल हो सकते हैं।

समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन

नामांकन के आखिरी दिन कई उम्मीदवार समर्थकों के साथ रैली और जुलूस के रूप में RO कार्यालय पहुंच सकते हैं। ऐसे में प्रमुख शहरों और निकाय क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने के साथ प्रशासन और पुलिस के सामने भीड़ प्रबंधन की चुनौती रहेगी।