राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: आधी रात 178 RAS अफसरों के तबादले, बीज निगम में बदलाव और कई अहम नियुक्तियां- देखें लिस्ट
राजस्थान सरकार ने 178 RAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। कई जिलों, विभागों और मंत्रियों के विशेष सहायकों में बदलाव किया गया है। जानें पूरी प्रशासनिक फेरबदल की बड़ी बातें।
राजस्थान सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए 178 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में राजधानी से लेकर फील्ड स्तर तक व्यापक बदलाव किए गए हैं। एडीओ स्तर तक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन हुआ है।
इस सूची में तीन मंत्रियों के विशिष्ट सहायक (SA) भी बदले गए हैं। साथ ही 12 APO अधिकारियों को नई पोस्टिंग दी गई है, जबकि 5 RAS अधिकारियों के तबादले रद्द कर दिए गए हैं।
बीज निगम में घूसकांड के बीच बड़ा बदलाव करते हुए प्रबंध निदेशक (MD) को भी हटाया गया है। अब बीज निगम के कार्यकारी निदेशक गौरव चतुर्वेदी को नया MD नियुक्त किया गया है। वहीं विनीता सिंह को बीज निगम MD पद से हटाकर राजस्थान ग्रामीण आजीविका परिषद का CEO बनाया गया है।
इसी बीच साढ़े पांच साल से पोस्टिंग का इंतजार कर रहीं पिंकी मीणा को नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें सहायक निदेशक, लोक सेवा, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, सवाई माधोपुर में नियुक्त किया गया है।
चर्चित RAS अधिकारी डॉ. विभू कौशिक को स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का विशिष्ट सहायक (SA) बनाया गया है। वहीं खींवसर के SA रहे बलवंत सिंह लिग्री को बेवरेज कॉर्पोरेशन के ED पद पर भेजा गया है।
स्वास्थ्य मंत्री खींवसर के अलावा पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के SA भी बदले गए हैं।
राज्यपाल के उप सचिव मुकेश कुमार कलाल को राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के SA पद पर लगाया गया है। वहीं देवासी के SA राकेश कुमार को भूप्रबंध अधिकारी, सीकर बनाया गया है। पशुपालन मंत्री के SA चंदन दुबे को राज्यपाल का उप सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा नरेंद्र कुमार वर्मा को एडीएम जयपुर पूर्व से एडीएम डीडवाना, प्रवीण कुमार अग्रवाल को संयुक्त सचिव, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जिला आबकारी अधिकारी अजमेर, पुष्कर मित्तल को एसडीओ मनोहरथाना से एसडीओ डीग, और अरशदीप बरार को सहायक भूप्रबंधन अधिकारी जयपुर से संयुक्त निदेशक एचसीएम रीपा पद पर भेजा गया है।
साथ ही मोहम्मद ताहिर का 9 महीने पुराना तबादला भी रद्द कर दिया गया है। उन्हें डीआईजी स्टांप, भीलवाड़ा से उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग करौली भेजा गया था, जिसे अब निरस्त कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन में भी बड़ा बदलाव हुआ है। अनुराग भार्गव को वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा का रजिस्ट्रार, मुरलीधर प्रतिहार को कोटा विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार, चंद्रभान सिंह भाटी को जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर का रजिस्ट्रार और राजू लाल गुर्जर को राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
यह पूरा प्रशासनिक फेरबदल राज्य में चल रही विभागीय पुनर्गठन प्रक्रिया और भ्रष्टाचार मामलों के बीच एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है










