पंचायत चुनाव के बीच बदला 9वीं से 12वीं का एग्जाम शेड्यूल, अब इस तारीख से होंगी परीक्षाएं
राजस्थान में पंचायत चुनाव के चलते 9वीं से 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल बदल गया है। अब परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक होंगी। जानें नया टाइम टेबल और जरूरी निर्देश।
राजस्थान में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का टाइम टेबल बदल दिया गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए होने वाली राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना की परीक्षाएं अब अक्टूबर के बजाय नवंबर-दिसंबर में आयोजित की जाएंगी।
पहले परीक्षाएं 15 से 27 अक्टूबर तक प्रस्तावित थीं, लेकिन पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के चलते शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम में बदलाव किया है। नए शेड्यूल के मुताबिक परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होकर 7 दिसंबर 2026 तक चलेंगी।
25 नवंबर से शुरू होंगी 9वीं से 12वीं की परीक्षाएं
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार की ओर से परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव को लेकर आदेश जारी किया गया है। समान परीक्षा योजना में शामिल विषयों के प्रश्न-पत्र निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे।
वहीं, जिन विषयों का उल्लेख राज्य स्तरीय टाइम टेबल में नहीं है, उनकी परीक्षाएं संबंधित स्कूल अपने स्तर पर आयोजित करेंगे। स्कूल स्तर की परीक्षाओं और प्रायोगिक विषयों के पेपर टाइम टेबल के बीच उपलब्ध खाली दिनों में कराए जा सकेंगे।
प्राइवेट स्कूलों में नहीं रखे जाएंगे प्रश्न-पत्र
शिक्षा विभाग ने इस बार प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर भी विशेष व्यवस्था की है। प्राइवेट स्कूलों में प्रश्न-पत्र रखने की अनुमति नहीं होगी।
इन स्कूलों के प्रश्न-पत्र संबंधित पीईईओ/यूसीईईओ के पास सुरक्षित रखे जाएंगे। जरूरत पड़ने पर परिस्थितियों के अनुसार प्रश्न-पत्र पुलिस थाने में भी सुरक्षित रखे जा सकते हैं। इसका फैसला जिला शिक्षा अधिकारी करेंगे।
परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए फ्लाइंग टीमें
परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए विभागीय स्तर पर फ्लाइंग टीमें गठित की जाएंगी। संभागीय संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और डाइट प्राचार्य के स्तर से गठित टीमें परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगी।
इन टीमों की जिम्मेदारी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं और परीक्षा संचालन की निगरानी करना होगी।
कलेक्टर की निगरानी में होगी प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा
जिले में प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा की जिम्मेदारी जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में सुनिश्चित की जाएगी। प्रश्न-पत्र प्राप्त होने से पहले जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित कर परीक्षा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं पर निर्णय लिया जाएगा।
कक्षा 1 से 8 तक का टाइम टेबल बाद में
अभी शिक्षा विभाग ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की परीक्षाओं का टाइम टेबल अलग से जारी किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार, इन कक्षाओं की परीक्षाओं को लेकर निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे।
पंचायत चुनावों के कारण बदला परीक्षा कार्यक्रम
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के दौरान स्कूलों में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की संभावना को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम बदला गया है। अब 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं देनी होंगी।
इसके बाद वार्षिक परीक्षाएं फरवरी के आसपास आयोजित होने की संभावना है।

