पुलिस की वर्दी के साथ अब घोड़ों पर दिखेगा दमखम, राजस्थान पुलिस ने रचा नया इतिहास
राजस्थान पुलिस ने देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार की है। जयपुर में टीम का उद्घाटन हुआ, जहां टीम ब्लू ने प्रदर्शन मुकाबले में टीम रेड को 6-2 से हराया।
राजस्थान पुलिस के नाम एक नया अध्याय जुड़ गया है। अब पुलिसकर्मी सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालते ही नहीं, बल्कि घोड़ों पर सवार होकर पोलो के मैदान में भी अपना दमखम दिखाएंगे। राजस्थान पुलिस ने देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार की है।
गुरुवार शाम राजस्थान पुलिस अकादमी के हॉकी ग्राउंड में टीम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस दौरान टीम रेड और टीम ब्लू के बीच प्रदर्शन मुकाबला हुआ, जिसमें घोड़ों की रफ्तार और खिलाड़ियों के शानदार तालमेल ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
DGP ने बॉल रोलिंग कर किया टीम का शुभारंभ
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बॉल रोलिंग कर राजस्थान पुलिस की पोलो टीम और उद्घाटन मुकाबले की शुरुआत की। मैदान में खिलाड़ियों के साथ घोड़ों की तेज रफ्तार ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
उद्घाटन मुकाबले में टीम ब्लू ने शानदार खेल दिखाते हुए टीम रेड को 6-2 से हरा दिया।
टीम रेड और टीम ब्लू में कौन-कौन खिलाड़ी रहे?
टीम रेड की ओर से जितेंद्र सिंह, मयूर सिंह, विजय और देवेंद्र मैदान में उतरे। वहीं टीम ब्लू की तरफ से अजय सिंह, शुभम गुप्ता, राजेश कुमार और डूंगर सिंह ने खेल का प्रदर्शन किया।
तेज गति से दौड़ते घोड़ों पर सवार खिलाड़ियों के कौशल और आपसी तालमेल ने दर्शकों को खासा रोमांचित किया।
राजस्थान पुलिस अब बड़ी प्रतियोगिताओं में भी उतरेगी
DGP राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस ने कम समय में पोलो टीम तैयार कर प्रदर्शन मुकाबला कराया है। आने वाले समय में टीम विभिन्न पोलो प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले सकती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। टीम के लिए जरूरी संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की भी बात कही गई है।
देश की पहली पुलिस पोलो टीम का दावा
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं मुख्य खेल अधिकारी रूपिंदर सिंघ ने बताया कि DGP के विजन के अनुरूप राजस्थान पुलिस की पोलो टीम तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास के जरिए टीम को भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड की भी शुरुआत की गई। समारोह में DGP ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल, राजस्थान पोलो क्लब के सचिव दिग्विजय सिंह, पूर्व पोलो खिलाड़ी कर्नल कुलदीप सिंह समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

