मुहाना मंडी में मौत का फल कारोबार बेनकाब!

जयपुर की सबसे बड़ी मुहाना मंडी में सेहत से खिलवाड़ करने वाले गंदे खेल का बड़ा खुलासा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच लोगों की थाली तक जहर पहुंचाने की तैयारी चल रही थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में 10 हजार किलो सड़े-गले, बदबूदार और फंगस लगे फल पकड़े गए, जिन्हें साफ-सफाई और धुलाई के नाम पर दोबारा बाजार में सस्ते दामों पर बेचने की तैयारी थी। कोल्ड स्टोरेज में सड़ांध का ऐसा आलम था कि अधिकारियों तक के होश उड़ गए। एक्सपायरी डेट पार कर चुके 1500 किलो खजूर भी बरामद हुए, जो सीधे लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे थे। विभाग ने पूरे माल को डंपिंग यार्ड में नष्ट करवाकर व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी है। राजधानी में इस बड़े खुलासे के बाद फल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।