मालिक बोला—ट्रैक्टर जैसी हालत में लिया था,वैसा ही लौटाएं

टोंक के सदर थाना परिसर में जब्त खड़े ट्रैक्टर से पार्ट्स गायब होने का मामला सामने आया है। ट्रैक्टर मालिक ने कोर्ट के आदेश पर 3.20 लाख रुपए जमा कर वाहन छुड़ाने पहुंचा तो ट्रैक्टर की हालत देखकर हैरान रह गया। बैटरी, डायनेमो और लिफ्टिंग पार्ट्स गायब थे, जिसके बाद उसने ट्रैक्टर लेने से इनकार कर दिया और एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई।टोंक के रामप्रसाद मीणा ने बताया कि करीब पांच महीने पहले अवैध बजरी परिवहन के मामले में उसका ट्रैक्टर-ट्रॉली सदर थाना पुलिस ने जब्त किया था। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद कोर्ट के निर्देश पर उसने खनिज विभाग में 3 लाख 20 हजार रुपए जमा कराए और वाहन छुड़ाने के लिए थाने पहुंचा।

रामप्रसाद के अनुसार, जब उसने ट्रैक्टर देखा तो उसमें बैटरी, सेल्फ डायनेमो और लिफ्ट के कई पार्ट्स गायब थे। यह देखकर वह स्तब्ध रह गया। उसने तुरंत थाने में इस संबंध में जानकारी ली, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।पीड़ित ने बताया कि ट्रैक्टर थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के सामने खड़ा था। इसके बावजूद पार्ट्स चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।ट्रैक्टर मालिक ने मांग की है कि वाहन उसे उसी स्थिति में वापस किया जाए, जिस हालत में पुलिस ने जब्त किया था। साथ ही चोरी हुए पार्ट्स की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से जांच की बात कही जा रही है।