जयपुर में एक बार फिर बड़ा हादसा, रोडवेज बस में लगी भीषण आग, मौके पर मची अफरा-तफरी
जयपुर के मानसरोवर इलाके में रीको चौराहे के पास रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जयपुर के मानसरोवर इलाके में एक रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। यह घटना रीको चौराहे के पास हुई, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में आग अचानक भड़की और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं और आधी घंटा की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बस को भारी नुकसान पहुंचा है, बस एक लोहे के कबाड़ में तब्दील हो गयी है । बताया जा रहा है की आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी थी जिससे वायरों से होते हुए आग बस के इंजन तक पहुँच गयी और विकराल रूप ले लिया, लेकिन तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में बसों में आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिसके चलते परिवहन विभाग और प्रशासन पहले से ही सतर्क है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सख्ती बढ़ाई जा सकती है।
इस घटना के बाद एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

