जयपुर में चलती रोडवेज बस में लगी आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में न्यू सांगानेर रोड पर चलती रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

जयपुर में चलती रोडवेज बस में लगी आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मानसरोवर इलाके की न्यू सांगानेर रोड पर चलती रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। घटना रीको कांटा के पास हुई। पहले बस में हल्का धुआं दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने तेज रूप ले लिया।

सबसे राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर कुछ मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सूझबूझ से बची कई जानें

मौके पर मौजूद बीजेपी मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा और अनिल चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार यात्रियों को बिना घबराहट बाहर निकलवाया। साथ ही दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई। आग बस के पिछले हिस्से में फैल रही थी, लेकिन समय रहते बस खाली करा ली गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।