Rajasthan Education News : मेधावी EWS छात्रों को सरकार का तोहफा, 334 विद्यार्थियों को मिलेगी 15-15 हजार की आर्थिक मदद
राजस्थान में आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को बड़ी राहत। सत्र 2024-25 में 334 छात्रों को 15-15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के जरिए दी जाएगी, कुल 50.10 लाख रुपये का बजट स्वीकृत।
Rajasthan Education News : राजस्थान में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सत्र 2024-25 के लिए प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित छात्रों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्यभर के 334 मेधावी विद्यार्थियों को 15,000 रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए कुल 50.10 लाख रुपये का बजट जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी कर दिया गया है।
बजट घोषणा के तहत मिली स्वीकृति
यह प्रोत्साहन राशि राज्य सरकार की पूर्व बजट घोषणा (2017-18) के अनुपालन में जारी की गई है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चयनित विद्यार्थियों के बैंक खातों में यह राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे जमा कराई जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन होनहार छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है।
जिलों में चयन की स्थिति
इस योजना में दौसा जिला सबसे आगे रहा है, जहां सर्वाधिक विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इसके बाद धौलपुर और जयपुर का स्थान है। उदयपुर, राजसमंद, बाड़मेर और कोटा सहित अन्य जिलों के विद्यार्थियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। चयनित छात्रों की संख्या के अनुसार संबंधित जिलों को बजट आवंटित किया गया है।
योजना की प्रमुख बातें
प्रति विद्यार्थी सहायता राशि: ₹15,000
कुल लाभार्थी: 334 विद्यार्थी
कुल स्वीकृत बजट: ₹50.10 लाख
राशि वितरण का माध्यम: डीबीटी
इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों को न केवल आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि उनकी उच्च शिक्षा की राह भी आसान होगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा और पढ़ाई के प्रति गंभीरता बढ़ेगी।
Saloni Kushwaha 
